अन्तरजाल पर
साहित्य-प्रेमियों की विश्राम-स्थली

काव्य साहित्य

कविता गीत-नवगीत गीतिका दोहे कविता - मुक्तक कविता - क्षणिका कवित-माहिया लोक गीत कविता - हाइकु कविता-तांका कविता-चोका कविता-सेदोका महाकाव्य चम्पू-काव्य खण्डकाव्य

शायरी

ग़ज़ल नज़्म रुबाई क़ता

कथा-साहित्य

कहानी लघुकथा सांस्कृतिक कथा लोक कथा उपन्यास

हास्य/व्यंग्य

हास्य व्यंग्य आलेख-कहानी हास्य व्यंग्य कविता

अनूदित साहित्य

अनूदित कविता अनूदित कहानी अनूदित लघुकथा अनूदित लोक कथा अनूदित आलेख

आलेख

साहित्यिक सांस्कृतिक आलेख सामाजिक चिन्तन शोध निबन्ध ललित निबन्ध हाइबुन काम की बात ऐतिहासिक सिनेमा और साहित्य सिनेमा चर्चा ललित कला स्वास्थ्य

सम्पादकीय

सम्पादकीय सूची

संस्मरण

आप-बीती स्मृति लेख व्यक्ति चित्र आत्मकथा वृत्तांत डायरी बच्चों के मुख से यात्रा संस्मरण रिपोर्ताज

बाल साहित्य

बाल साहित्य कविता बाल साहित्य कहानी बाल साहित्य लघुकथा बाल साहित्य नाटक बाल साहित्य आलेख किशोर साहित्य कविता किशोर साहित्य कहानी किशोर साहित्य लघुकथा किशोर हास्य व्यंग्य आलेख-कहानी किशोर हास्य व्यंग्य कविता किशोर साहित्य नाटक किशोर साहित्य आलेख

नाट्य-साहित्य

नाटक एकांकी काव्य नाटक प्रहसन

अन्य

रेखाचित्र पत्र कार्यक्रम रिपोर्ट सम्पादकीय प्रतिक्रिया पर्यटन

साक्षात्कार

बात-चीत

समीक्षा

पुस्तक समीक्षा पुस्तक चर्चा रचना समीक्षा
कॉपीराइट © साहित्य कुंज. सर्वाधिकार सुरक्षित

हिंदी भाषा के बढ़ते कदम

पुस्तक का नाम : हिंदी भाषा के बढ़ते कदम
लेखक : ऋषभदेव शर्मा
प्रकाशन वर्ष : 2015
प्रकाशक : तेज प्रकाशन, नई दिल्ली
पृष्ठ : 305
मूल्य : रु. 650/-

21वीं शताब्दी अपने साथ नई चुनौतियाँ तो लेकर आई ही है, नई संभावनाएँ भी लाई है। हिंदी भाषा के संदर्भ में भी यह बात ठीक है। बदलते परिदृश्य ने हिंदी के समक्ष अखिल भारतीय संपर्क की परंपरागत चुनौती से आगे बढ़कर खुलेबाज़ार की भाषा की बनने और कंप्यूटर की तकनीक को साधने की नई चुनौतियाँ पेश की है तो इन चुनौतियों ने ही हिंदी को नए वैश्विक प्रसार की संभावनाओं से भी जोड़ा है। सामाजिक और आर्थिक ही नहीं व्यावसायिक और कूटनैतिक स्तर पर जो नई परिघटनाएँ इधर के कुछ वर्षों में सामने आई हैं उन्होंने हिंदी जगत में नए उत्साह का संचार किया है। परिणामस्वरूप एक अधिक लोकतांत्रिक वैश्विक भाषा के रूप में हिंदी ने अपने आपको नए सिरे से जाँचना और सँवारना शुरू कर दिया है। यथास्थितिवादी और शुद्धतावादी आक्षेपों की परवाह किए बिना हिंदी संवाद और संप्रेषण के नए आयामों के अनुरूप अपनी लोच और लचक को बढ़ाते हुए नित नए अवतार धारण कर रही है जिसका बड़ा श्रेय मीडिया और ख़ास तौर से सोशल मीडिया को जाता है। ऐसी स्थिति में हिंदी के इतिहास और विकास पर प्रगतिशील वैज्ञानिक दृष्टि से विचार-विमर्श ज़रूरी है। डॉ. ऋषभदेव शर्मा (1957) ने अपने विचारोत्तेजक ग्रंथ ‘हिंदी भाषा के बढ़ते कदम’ (2015) में हिंदी की यात्रा का लेखा-जोखा इसी प्रगतिशील वैज्ञानिक दृष्टि से किया है तथा भाषा संबंधी जड़तावाद पर चोट करते हुए हिंदी के सर्वसमावेशी स्वरूप के विकास के लिए समस्त भारतीयों का आह्वान किया है।

‘हिंदी भाषा के बढ़ते कदम’ शीर्षक इस ग्रंथ में डॉ. ऋषभदेव शर्मा के हिंदी रचनाकार, अध्यापक, समीक्षक, पत्रकार और प्रचारक के रूप में सुदीर्घ अनुभवों का सार छह खंडों में सुनियोजित 43 आलेखों के रूप में प्रस्तुत किया गया है जिसे लेखक के भाषा चिंतन की निष्पत्ति भी माना जा सकता है। लेखक ने बार-बार इस बात की ओर ध्यान दिलाया है कि अपने केंद्र को छोड़कर सब दिशाओं में फैलने की जनपक्षीय प्रकृति के कारण हिंदी विभिन्न भाषा-भाषियों के बीच परस्पर विचार-विनिमय से लेकर उच्च स्तरीय ज्ञान-विज्ञान संबंधी विमर्श तक के लिए उसी प्रकार सर्वाधिक उपयुक्त भाषा है, जिस प्रकार की वह भारत के बहुभाषी समाज के लिए संपर्क भाषा के रूप में सर्वाधिक सहज भाषा है। इसे लेखक का अतिउत्साह भले ही कहा जाए परंतु उनका यह आशावाद न तो निराधार है और न ही असंभव। लेखक ने यथास्थान उदाहरणों और प्रमाणों के आधार पर यह प्रतिपादित किया है कि हिंदी सब प्रकार की छुआछूत से मुक्त उदार भाषा होने के साथ-साथ भली प्रकार नियमबद्ध भाषा है। इसलिए वह बाज़ार से लेकर मीडिया तक की ही नहीं, पुरातन विद्याओं से लेकर आधुनिक अनुशासनों तक की अभिव्यक्ति में पूर्ण सक्षम है। यह तो मानी हुई बात है कि हिंदी सीखना बहुत आसान है। लेकिन अब यह भी मानना होगा कि बाज़ार, फ़िल्म, विज्ञापन, सोशल मीडिया, व्यापार, व्यवसाय, राजनीति, विदेश नीति या और भी तमाम आज की दुनिया के व्यवहार क्षेत्रों में हिंदी को अपनाना कोई मुश्किल काम नहीं है। मुश्किल है तो भारतीयों की भाषिक हीनभावना से मुक्ति!

इस केंद्रीय विचार को लेखक डॉ. ऋषभदेव शर्मा ने अलग-अलग प्रकार से विवेच्य ग्रंथ में प्रतिपादित किया है। उन्होंने यह भी प्रतिपादित किया है कि भाषा और साहित्य दोनों एक दूसरे के माध्यम से पुष्ट होते हैं, एक दूसरे को पुष्ट करते हैं और संस्कृति के वाहक होते हैं। हम चाहें तो ऐसे अनेक उदाहरणों को याद कर सकते हैं जिनके माध्यम से यह बात सहज ही स्पष्ट हो सकती है कि विविध प्रकार के आचरण, शिष्टाचार, विनम्रता आदि को कोई संस्कृति किस प्रकार अपनाती है तथा उनकी अभिव्यक्ति भाषा और साहित्य में किस प्रकार अंतःसलीला बनकर विद्यमान रहती है।

- गुर्रमकोंडा नीरजा
सह-संपादक ‘स्रवंति’
प्राध्यापक
उच्च शिक्षा और शोध संस्थान
दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा
खैरताबाद, हैदराबाद – 500004

 

अन्य संबंधित लेख/रचनाएं

टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें

लेखक की अन्य कृतियाँ

पुस्तक समीक्षा

कार्यक्रम रिपोर्ट

साहित्यिक आलेख

विडियो

उपलब्ध नहीं

ऑडियो

उपलब्ध नहीं