क्या करूँ
काव्य साहित्य | गीत-नवगीत बृज राज किशोर 'राहगीर'16 May 2019
सुप्त सबकी चेतनायें, क्या करूँ।
स्वयं व्याकुल हैं व्यथायें, क्या करूँ।
आधुनिकता के चले यूँ सिलसिले।
ढह रहे हैं मान्यताओं के किले।
हैं भँवर में भावना की किश्तियाँ;
दिग्भ्रमित हैं सोच वाले क़ाफ़िले।
खो गई सारी दिशायें, क्या करूँ।
सुप्त सबकी चेतनायें, क्या करूँ।
जो पुरातन था, सभी बोझल हुआ।
आस्थाओं का शिखर ओझल हुआ।
आजकल तो रक्त का सम्बन्ध भी;
स्वार्थ के जल से भरा बादल हुआ।
शुष्क हैं मन की घटायें, क्या करूँ।
सुप्त सबकी चेतनायें, क्या करूँ।
इक युवा चलती सड़क पर मर गया।
हर कोई उस रास्ते से घर गया।
कोई रुकने के लिए राज़ी न था;
शहर पूरा ही किनारा कर गया।
मृत हुई सम्वेदनायें, क्या करूँ।
सुप्त सबकी चेतनायें, क्या करूँ।
अन्य संबंधित लेख/रचनाएं
अंतिम गीत लिखे जाता हूँ
गीत-नवगीत | स्व. राकेश खण्डेलवालविदित नहीं लेखनी उँगलियों का कल साथ निभाये…
टिप्पणियाँ
कृपया टिप्पणी दें
लेखक की अन्य कृतियाँ
ग़ज़ल
गीत-नवगीत
लघुकथा
हास्य-व्यंग्य कविता
विडियो
उपलब्ध नहीं
ऑडियो
उपलब्ध नहीं