डाॅ. लक्ष्मी शंकर वाजपेयी के कविता संग्रह ‘कवि के मन से’ का लोकार्पण समारोह
भारत समाचार 27 May 2026
दिनांक 30 अप्रैल 2026 को साहित्य अकादमी, नई दिल्ली के सभागार में विख्यात कवि लक्ष्मी शंकर वाजपेयी के कविता संग्रह ‘कवि के मन से’ का लोकार्पण हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता साहित्य अकादमी सम्मान प्राप्त वरिष्ठ साहित्यकार श्रीमती ममता कालिया ने की और इस महनीय आयोजन में श्रोतागण को सान्निध्य प्राप्त हुआ देश के मूर्धन्य रचनाकारों श्री बालस्वरूप राही, श्री प्रताप सहगल, डॉ. ओम निश्चल, डॉ. संजीव कुमार एवं डॉ. रहमान मुसव्विर का।
डॉ. ओम निश्चल ने इस संग्रह के सम्बन्ध में विचार व्यक्त करते हुए कहा कि वाजपेयी जी साहित्य के प्रति समर्पित एक समर्थ रचनाकार है और ऐसे समृद्ध रचनाकार की दो कृतियों के मध्य लंबा अंतराल हो जाना काफ़ी अखरता है। संग्रह की अनेक कविताओं की विवेचना करते हुए उन्होंने संग्रह को अत्यंत महत्त्वपूर्ण बताया। वरिष्ठ साहित्यकार श्री प्रताप सहगल ने छंदमुक्त एवं छंदबद्ध कविता के मध्य उपजे भेद के प्रति चिंता ज़ाहिर की और कहा कि यह कविता संग्रह इस बात का प्रमाण है कि गीत, ग़ज़ल और छंद की सभी अन्य विधाओं तथा छंदमुक्त कविता को समीक्षकों की ओर से समान महत्त्व मिलना चाहिए।
डॉ. संजीव कुमार ने कहा कि इस संग्रह की कविताएँ दूर-दूर तक पहुँचे तो समाज का हित होगा।
आयोजन में श्रोताओं की विशाल संख्या का संज्ञान में लेते हुए शीर्षस्थ गीतकार श्री बालस्वरूप राही ने कहा कि आज की गोष्ठी को देखकर यह विश्वास पुष्ट हुआ है कि कविता के पाठक-श्रोता आदि के कम होने के बात महज़ अफ़वाह ही है। राही जी ने डॉ लक्ष्मी शंकर वाजपेयी की ग़ज़ल ‘टूटते लोगों को उम्मीदें नई देते हुए . . .’ का पाठ भी किया। अध्यक्षीय उद्बोधन के रूप में श्रीमती ममता कालिया जी ने परिहास के रूप में जब इस लोकार्पण कार्यक्रम को ‘बंपर कार्यक्रम’ और डॉ लक्ष्मी शंकर वाजपेयी जी को कविता का ‘अमिताभ बच्चन’ कहकर संबोधित किया तो पूरा सभागार हँसी-ख़ुशी और तालियों की गूँज में सराबोर हो गया। उन्होंने ‘खंडित प्रतिमाएँ’ कविता का विशेष उल्लेख किया।
सुप्रसिद्ध शायर डॉ रहमान मुसव्विर ने प्रभावी संचालन के माध्यम से कार्यक्रम को नई ऊँचाई प्रदान की।
धन्यवाद ज्ञापन करते हुए श्रीमती ममता किरण एवं लक्ष्मी शंकर वाजपेयी ने उपस्थित सभी मुख्य अतिथियों तथा आगंतुक स्नेहीजनों का बहुत-बहुत आभार प्रकट किया और साथ ही अपनी एक-एक कविता भी सुनायी। लक्ष्मी शंकर वाजपेयी ने कहा कि समाज को सही राह दिखाने की ज़िम्मेदारी संस्थाओं और रचनाकारों की है, उन्हें इस दायित्व बोध का एहसास होना चाहिए।
‘किआन फाउंडेशन’ द्वारा आयोजित इस कविता संग्रह के लोकार्पण समारोह के आरंभ में कुछ प्रसिद्ध रचनाकारों ने कविता संग्रह में शामिल कविताओं का पाठ किया। श्रीमती इंदु निगम जी द्वारा कविता संग्रह से किए गए एक गीत के सस्वर पाठ को श्रोताओं ने काफ़ी सराहा। श्री नरेश शांडिल्य, श्रीमती रेणु हुसैन, श्री राजेंद्र निगम और डॉ. विभा नायक ने भी श्री वाजपेयी की कविताओं का पाठ किया।
समारोह में अनेक प्रतिष्ठित कवि, कथाकार, मीडियाकर्मी आदि उपस्थित रहे। इस कविता संग्रह का प्रकाशन इंडिया नेट बुक्स ने किया है।
रिपोर्ट-राघवेन्द्र पाण्डेय
डॉ. लक्ष्मी शंकर वाजपेयी के कविता संग्रह ‘कवि के मन से’ का लोकार्पण समारोह
हाल ही में
डाॅ. लक्ष्मी शंकर वाजपेयी के कविता संग्रह ‘कवि के मन से’ का लोकार्पण समारोह
दिनांक 30 अप्रैल 2026 को साहित्य…
डॉ. रमा द्विवेदी कृत ‘गंगा में तैरते मिट्टी के दीये’ काव्य संग्रह लोकार्पित
युवा उत्कर्ष साहित्यिक मंच (पंजीकृत…
डॉ. अमित धर्मसिंह के ग़ज़ल संग्रह ‘बग़ैर मक़्ता’ का हुआ लोकार्पण
दिल्ली। 20 दिसंबर, 2025 को आयोजित…
मुकेश कुमार ऋषि वर्मा की कृति ‘उगता सूर्य’ का हुआ विमोचन
शाहगंज (आगरा)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक…
गाहलियाँ विद्यालय के छात्राओं ने आर्ट्स पेंटिंग से चमकाया विद्यालय
कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश, राजकीय उत्कृष्ट…