कैसे जानूँ अभिलाषा मन की
काव्य साहित्य | कविता भूपेंद्र कुमार दवे29 Jan 2012
कैसे जानूँ अभिलाषा मन की
लंगड़ी आशा बनी हुई है
बैसाखी मेरे जीवन की
देख देखकर पथ के काँटे
कैसे चलता राह अमन की
दूर हुआ जो तेरे पथ से
काँप उठा सुन बात मरण की
कैसे जानूँ अभिलाषा मन की॥
मंदिर मन से दूर नहीं है
मुक्ति कहाँ है, पर बंधन की
देख देखकर तन की पीड़ा
थाल गिरी मेरे पूजन की
दूर हुआ जो अपने मन से
काँप उठा सुन बात तपन की
कैसे जानूँ अभिलाषा मन की॥
यह काया है कोमल कलुषित
क्या जाने अभिलाषा मन की
हर पल अपनी सोच समझ से
भर लाती त्रुटियाँ यौवन की
अंत समय में पीड़ा सारी
भर जाती साँसें पीड़न की
कैसे जानूँ अभिलाषा मन की॥
अन्य संबंधित लेख/रचनाएं
टिप्पणियाँ
कृपया टिप्पणी दें
लेखक की अन्य कृतियाँ
कविता
बाल साहित्य कविता
बाल साहित्य कहानी
लघुकथा
कहानी
विडियो
उपलब्ध नहीं
ऑडियो
उपलब्ध नहीं