समय पड़े तो आँखों को अंगार कीजिए
काव्य साहित्य | गीतिका डॉ. गोरख प्रसाद ’मस्ताना’15 Jan 2021 (अंक: 173, द्वितीय, 2021 में प्रकाशित)
समय पड़े तो आँखों को अंगार कीजिए
अपनी दोनों बाँहों को तलवार कीजिए
आकर्षक गुलदान बनाये जिस लोहे से
उसे ढाल अब रक्षा का हथियार कीजिए
वक़्त नहीं अधिकार- हनन पर चुप्पी का
ज़ोर ज़ुल्म व शोषण का प्रतिकार कीजिए
अस्त्र अंधविश्वासों का फेंका है उसने
प्रज्ञा से उसको अपनी, बेकार कीजिए
कंस रहे बन कर, क्या पाये बोलें ना
अब तो कान्हा जस अपना किरदार कीजिए
नींद चुरायी आँखों से जिसने तेरी
प्यार से, उसका जीना भी दुश्वार कीजिए
नाबीना है, ठोकर लगने का डर है
आँख से अपनी, पथ उसका हमवार कीजिए
अन्य संबंधित लेख/रचनाएं
टिप्पणियाँ
कृपया टिप्पणी दें
लेखक की अन्य कृतियाँ
गीतिका
कविता
पुस्तक समीक्षा
विडियो
उपलब्ध नहीं
ऑडियो
उपलब्ध नहीं