मन को सुख से भरता देश
काव्य साहित्य | कविता त्रिलोक सिंह ठकुरेला1 Aug 2021 (अंक: 186, प्रथम, 2021 में प्रकाशित)
मन को सुख से भरता देश।
कहीं सघन वन- उपवन-बाग़,
कहीं नदी, सर, ताल, तड़ाग,
हिमगिरि कहीं, कहीं पर रेत,
कहीं मनोहर धानी खेत ,
कितना मनभावन परिवेश।
मन को सुख से भरता देश॥
कहीं मधुर कलरव का शोर,
कहीं नाचते सुन्दर मोर,
तोता-मैना कहीं बटेर,
कहीं दहाड़ लगाते शेर,
सुन्दर खग, मृग बड़े विशेष।
मन को सुख से भरता देश॥
प्रकृति बदलती रहती रूप,
बादल कहीं, कहीं पर धूप,
सर्दी, गर्मी, रिमझिम मेह,
सब सहती धरती की देह,
मिलता दृढ़ता का संदेश।
मन को सुख से भरता देश॥
सबके अपने अपने ठाठ,
सबके अपने पूजा-पाठ,
फिर भी रहते सब मिल साथ,
बढ़ते सदा मदद को हाथ,
भले अलग हों सबके भेष।
मन को सुख से भरता देश॥
अन्य संबंधित लेख/रचनाएं
टिप्पणियाँ
कृपया टिप्पणी दें
लेखक की अन्य कृतियाँ
दोहे
किशोर साहित्य कविता
बाल साहित्य कविता
कविता
किशोर साहित्य कहानी
कविता - हाइकु
कविता-मुक्तक
विडियो
उपलब्ध नहीं
ऑडियो
उपलब्ध नहीं