अन्तरजाल पर
साहित्य-प्रेमियों की विश्राम-स्थली

काव्य साहित्य

कविता गीत-नवगीत गीतिका दोहे कविता - मुक्तक कविता - क्षणिका कवित-माहिया लोक गीत कविता - हाइकु कविता-तांका कविता-चोका कविता-सेदोका महाकाव्य चम्पू-काव्य खण्डकाव्य

शायरी

ग़ज़ल नज़्म रुबाई क़ता सजल

कथा-साहित्य

कहानी लघुकथा सांस्कृतिक कथा लोक कथा उपन्यास

हास्य/व्यंग्य

हास्य व्यंग्य आलेख-कहानी हास्य व्यंग्य कविता

अनूदित साहित्य

अनूदित कविता अनूदित कहानी अनूदित लघुकथा अनूदित लोक कथा अनूदित आलेख

आलेख

साहित्यिक सांस्कृतिक आलेख सामाजिक चिन्तन शोध निबन्ध ललित निबन्ध हाइबुन काम की बात ऐतिहासिक सिनेमा और साहित्य सिनेमा चर्चा ललित कला स्वास्थ्य

सम्पादकीय

सम्पादकीय सूची

संस्मरण

आप-बीती स्मृति लेख व्यक्ति चित्र आत्मकथा यात्रा वृत्तांत डायरी रेखाचित्र बच्चों के मुख से बड़ों के मुख से यात्रा संस्मरण रिपोर्ताज

बाल साहित्य

बाल साहित्य कविता बाल साहित्य कहानी बाल साहित्य लघुकथा बाल साहित्य नाटक बाल साहित्य आलेख किशोर साहित्य कविता किशोर साहित्य कहानी किशोर साहित्य लघुकथा किशोर हास्य व्यंग्य आलेख-कहानी किशोर हास्य व्यंग्य कविता किशोर साहित्य नाटक किशोर साहित्य आलेख

नाट्य-साहित्य

नाटक एकांकी काव्य नाटक प्रहसन

अन्य

पत्र कार्यक्रम रिपोर्ट सम्पादकीय प्रतिक्रिया पर्यटन

साक्षात्कार

बात-चीत

समीक्षा

पुस्तक समीक्षा पुस्तक चर्चा रचना समीक्षा
कॉपीराइट © साहित्य कुंज. सर्वाधिकार सुरक्षित

भीष्म साहनी को याद करते हुए

 

(1)


यहीं कहीं कोई भीष्म साहनी था
जो गुज़र गया . . . 
यहीं इसी ज़मीन पर, 
जिसे कितने ही ताक़तवर पैर 
कितनी तरह से कुचल रहे हैं
 
दूर तक एक सांस्कृतिक सन्नाटे को तोड़ते
नए तानाशाहों के जूते ठक-ठक बजते हैं। 
कोई एक भोंपू सुबह से शाम तक चीखता है—
हमें नई सुबह नहीं चाहिए, 
नहीं चाहिएँ नए विचार! 
उनका हर ‘सुप्रभात’
आज से पाँच हज़ार साल पहले हो चुका होता है! 
 
यहीं . . . यहीं—इसी ज़मीन पर—
जहाँ धूल और धुएँ के ग़ुबार आप देखते हैं, 
ज़रा ग़ौर से देखें तो हवा में वह प्रागैतिहासिक क़िला 
नज़र आ सकता है, 
जहाँ काठ की तलवारों से इतिहास की झूठी 
लड़ाइयाँ लड़ी जा रही हैं
जहाँ कुछ भरे हुए पेटों की लाठियाँ
मंदिर-मस्जिद से ऊबकर
अचानक मज़दूर और किसानों पर टूट पड़ती हैं
और कहीं हलकी चीख तक नहीं सुनाई देती
 
यहीं . . . 
यहीं जहाँ ज़मीन धूल के बगूले बहुत उगलती है
यहीं कहीं दरम्याने क़द का
एक दुबला सा लेखक था भीष्म साहनी
जो गुज़र गया! 
 
मैं दर्जनों बार आविष्ट चेहरा लिए उससे मिला
उसकी आँखों में हमेशा एक पैनी चमक थी, 
जो हमेशा मुस्कुराते रहने का भरम देती थी। 
मैंने उसे कभी ऊँची आवाज़ में बोलते नहीं सुना, 
मैंने उसे कभी अभिमान से कहते नहीं सुना
कि चूँकि हम लेखक हैं, इसलिए बड़े हैं। 
मैंने उसे ज़िन्दगी भर किसी पर हिक़ारत से
हँसते नहीं देखा, 
नहीं उछालते देखा कोई चालाक फ़िक़रा! 
 
कोई चालीस बरस पहले
जब मैं पहलेपहल अपने युवा ग़ुस्से और पागलपन के साथ 
उससे मिला था
खाया झुलसा और झल्लाया हुआ
तब भी, याद है—मेरी हर तीखी फब्ती के जवाब में 
वह मुस्कुराता रहा था
 
फिर हँसते-हँसते उसने धीरे से प्रेमचंद की ओर उँगली उठा दी थी—
देखो प्रकाश मनु, प्रेमचंद . . .! 
बोलते समय जिनके किरमिच के फटे जूतों से निकली
पैर की काली उँगली बाहर झाँक रही होती थी
न प्रेमचंद को उसकी परवाह होती थी
न सुनने वालों को! 
 
और अब मैं भीष्म नहीं, प्रेमचंद के रू-ब-रू था
और मेरा मलाल बह गया . . .!! 
 
कोई भावुक खामख्याली, कोई शब्दों का खेल नहीं . . . 
बस, छोटे-छोटे वाक्यों के टुकड़ों पर टुकड़े जमाते
उन्होंने अपनी तकरीर पूरी की थी
पूरे इत्मीनान से
जैसे कोई होशियार राज ईंट पर ईंट रखकर 
एक सीधी दीवार बनाता है
और दीवारों से एक घर . . . 
वह घर जो प्रेमचंद का घर था
मगर जो किसी भी लेखक का घर हो सकता है! 
 
 (दो) 
 
मामूली तूलिका से बड़ी लकीरें खींचता वही भीष्म साहनी
जो यहाँ था, 
हलके क़दमों से चहलक़दमी करते हुए
अभी-अभी कैनवस से बाहर चला गया। 
वही भीष्म साहनी जिसने ‘तमस’ नहीं
एक पछाड़ें खाती इनसानियत का इतिहास लिखा, 
फिर ‘मय्यादास की माड़ी’ में ले जाकर
इतिहास की विडंबनाओं से गुज़रे पंजाब के रिसते घाव दिखाए 
वह कल तक यहीं कहीं आसपास था
जो गुज़र गया। 
 
मैंने उसे कभी अख़बारों में नहीं देखा
क्योंकि अख़बारों में रोज़ नया शगूफ़ा छोड़ते
कुछ मल्ल क़िस्म के साहित्यिक महानों का स्थायी अधिवास था
जो हर चीज़ को ऊपर से नीचे, फिर नीचे से ऊपर ले जाने की 
कला में उस्ताद थे
और जिस दिन अख़बार में नहीं छपता था उनका नाम
उनकी सुबह, सुबह नहीं होती थी। 
 
इसके लिए दोस्तों और दुश्मनों पर मेहरबानियाँ करने से लेकर
उनके पास कई क़िस्म के मामले ओर एजेंडे थे! 
 
पर उन महानों के बीच धीमी मगर सुती हुई आवाज़ में
आहिस्ता-आहिस्ता सोचकर बोलने वाला
एक भीष्म साहनी था, 
जिसकी धीमी आवाज़ अचानक किसी ‘तमस’ में बुलंद हो जाती
तो तूफ़ान आ जाता था। 
 
वह शख़्स जो कभी चमकीली सुर्ख़ियों
में नहीं रहा
हमने देखा, मरकर भी साहित्य के तमाम महाभट्टों
से ज़्यादा ज़िन्दा है . . . 
हालाँकि वह चला गया
मगर जाकर भी कहाँ गया! 
 
यह दीगर बात है कि जिनकी सारी ज़िन्दगी
हर प्रगति को प्रगति से भिड़ाने में गुज़री है
इस बात से बेपरवाह कि पास ही लाल आँखें किए भेड़िए
बस, अब झपटने को ही हैं . . . 
वे अब भी उसी तरह कूदने और ज़मीन खूँदने 
के खेल में व्यस्त हैं
 
मैंने उन अहंकारियों से
उस विनम्र, दुबले और आहिस्ता-आहिस्ता
अपनी चाल से चलने वाले लेखक के बारे में पूछा
जो कभी ज़ोर से नहीं बोला, 
और कभी ग़ुरूर से नहीं बोला
 
तब कंधे उचकाते हुए उनमें से एक ने
कहा—
हाँ-हाँ, यहीं कहीं कोई भीष्म साहनी था, 
जो गुज़र गया। 
 
जी हाँ, एक भीष्म साहनी था, जो गुज़र गया। 

अन्य संबंधित लेख/रचनाएं

'जो काल्पनिक कहानी नहीं है' की कथा
|

किंतु यह किसी काल्पनिक कहानी की कथा नहीं…

14 नवंबर बाल दिवस 
|

14 नवंबर आज के दिन। बाल दिवस की स्नेहिल…

16 का अंक
|

16 संस्कार बन्द हो कर रह गये वेद-पुराणों…

16 शृंगार
|

हम मित्रों ने मुफ़्त का ब्यूटी-पार्लर खोलने…

टिप्पणियाँ

Suryakant Sharma 2025/06/20 11:59 AM

भीष्म साहनी तरीके शाहकार व्यक्तित्व और उनके कृतित्व को एक सुंदर सा सहज सा सरल सा आयाम दिया है,अपने । आपको सादर प्रणाम।

कृपया टिप्पणी दें

लेखक की अन्य कृतियाँ

कहानी

स्मृति लेख

कविता

आत्मकथा

साहित्यिक आलेख

व्यक्ति चित्र

विडियो

उपलब्ध नहीं

ऑडियो

उपलब्ध नहीं