आकांक्षा
काव्य साहित्य | कविता आशा बर्मन27 Oct 2018
थक चले हैं पाँव, बाहें माँगती हैं अब सहारा।
चहुँ दिशि जब देखती हूँ, काम बिखरा बहुत सारा॥
स्वप्नदर्शी मन मेरा, चाहता छू ले गगन को,
मन गीत में वेग इतना, मात कर देता, पवन को,
क्लान्त है शरीर, पर मन है अभी तक नहीं हारा।
थक चले हैं पाँव, बाहें माँगती हैं अब सहारा॥
जो जिया जीवन अभी तक, मात्र अपने ही जिया है,
अमृत मिला चाहे गरल, अपने निमित्त मैंने पिया है,
कर सकूँ इससे पृथक कुछ बदलकर जीवन की धारा,
थक चले हैं पाँव, बाहें माँगती हैं अब सहारा॥
कुछ नया करने की मन में कामना मेरी प्रबल है,
अर्थ मय कुछ कर सकूँ, यह भावना मेरी सबल है,
व्यक्ति से समष्टि तक जा सकूँ मन का यही नारा,
थक चले हैं पाँव, बाहें माँगती हैं अब सहारा॥
लालिमा प्राची में है, बादल घनेरे छँट रहे हैं,
अस्पष्टता और दुविधा के कुहासे घट रहे हैं,
किरण लेकर आस की चमका कहीं पर एक तारा,
थक चले हैं पाँव, बाहें माँगती हैं अब सहारा॥
चहुँ दिशि जब देखती हूँ काम बिखरा बहुत सारा॥
अन्य संबंधित लेख/रचनाएं
टिप्पणियाँ
कृपया टिप्पणी दें
लेखक की अन्य कृतियाँ
स्मृति लेख
कविता
हास्य-व्यंग्य कविता
साहित्यिक आलेख
कार्यक्रम रिपोर्ट
कविता - हाइकु
गीत-नवगीत
व्यक्ति चित्र
बच्चों के मुख से
पुस्तक समीक्षा
विडियो
उपलब्ध नहीं
ऑडियो
उपलब्ध नहीं