अन्तरजाल पर
साहित्य-प्रेमियों की विश्राम-स्थली

काव्य साहित्य

कविता गीत-नवगीत गीतिका दोहे कविता - मुक्तक कविता - क्षणिका कवित-माहिया लोक गीत कविता - हाइकु कविता-तांका कविता-चोका कविता-सेदोका महाकाव्य चम्पू-काव्य खण्डकाव्य

शायरी

ग़ज़ल नज़्म रुबाई क़ता सजल

कथा-साहित्य

कहानी लघुकथा सांस्कृतिक कथा लोक कथा उपन्यास

हास्य/व्यंग्य

हास्य व्यंग्य आलेख-कहानी हास्य व्यंग्य कविता

अनूदित साहित्य

अनूदित कविता अनूदित कहानी अनूदित लघुकथा अनूदित लोक कथा अनूदित आलेख

आलेख

साहित्यिक सांस्कृतिक आलेख सामाजिक चिन्तन शोध निबन्ध ललित निबन्ध हाइबुन काम की बात ऐतिहासिक सिनेमा और साहित्य सिनेमा चर्चा ललित कला स्वास्थ्य

सम्पादकीय

सम्पादकीय सूची

संस्मरण

आप-बीती स्मृति लेख व्यक्ति चित्र आत्मकथा यात्रा वृत्तांत डायरी रेखाचित्र बच्चों के मुख से बड़ों के मुख से यात्रा संस्मरण रिपोर्ताज

बाल साहित्य

बाल साहित्य कविता बाल साहित्य कहानी बाल साहित्य लघुकथा बाल साहित्य नाटक बाल साहित्य आलेख किशोर साहित्य कविता किशोर साहित्य कहानी किशोर साहित्य लघुकथा किशोर हास्य व्यंग्य आलेख-कहानी किशोर हास्य व्यंग्य कविता किशोर साहित्य नाटक किशोर साहित्य आलेख

नाट्य-साहित्य

नाटक एकांकी काव्य नाटक प्रहसन

अन्य

पत्र कार्यक्रम रिपोर्ट सम्पादकीय प्रतिक्रिया पर्यटन

साक्षात्कार

बात-चीत

समीक्षा

पुस्तक समीक्षा पुस्तक चर्चा रचना समीक्षा
कॉपीराइट © साहित्य कुंज. सर्वाधिकार सुरक्षित

चला गधा आदमी बनने

 

ऑफ़िस जाते-जाते भले ही लंच ले जाना भूल जाऊँ तो भूल जाऊँ, पर मंदिर के पास से जाना नहीं भूलता। आप सोच रहे होंगे कि मैं मंदिर से होकर जाते हुए भगवान के दर्शन करता जाता होऊँगा ताकि मेरा ऑफ़िस में दिन शुभ निकले। अगर आप ये सोच रहे हैं तो ग़लत नहीं, बिल्कुल ग़लत सोच रहे हैं। मेरे ही नहीं, हर चमचे के भगवान, मंदिर में नहीं, ऑफ़िस में बैठते हैं। और मैं रोज़ ताज़े फूल मंदिर के पास से ले जाता हूँ उनके श्री चरणों में अर्पित करने के लिए। लंच में बासी चपातियाँ हों तो चलेंगी। लंच में बासी सब्ज़ी हो तो वह भी चलेगी। पर साहब के श्री चरणों के लिए बासी फूल बिल्कुल नहीं चलेंगे। यह मेरा नित्य कर्म है। होंगे जिनके लिए धर्म दूसरे होंगे। मेरे लिए तो यही परमो धर्म है। और मैं इस कर्म में तब तक संलिप्त रहूँगा जब तक मैं सीना तान कर सेवानिवृत्त न हो जाऊँ। 

ऑफ़िस में दिन शुभ भगवान के दर्शन करने से नहीं, साहब के दर्शन करने से होता है। ऑफ़िस में दिन शुभ भगवान के चरणों में फूल चढ़ाने से नहीं, साहब के चरणों में फूल चढ़ाने से होता है। अगर साहब प्रसन्न तो दिन शुभ मानिए। शर्तिया। सुबह ऑफ़िस में जाते ही साहब आपको देखकर मुस्कुरा गए तो आपका दिन शुभ होने से कोई नहीं रोक सकता। 

सो रोज़ की तरह आज भी मैं जैसे ही ऑफ़िस जाने के बहाने मंदिर के पास से मुरझाए चेहरे वाली से चार ताज़े फूल लेने को हुआ कि मंदिर के द्वार पर मुझे एक गधा अपनी अगली दो टाँगें जोड़े दिखा तो विस्मय हुआ। अब गधे भी भगवान की शरण में जाने लगे? 

ख़ैर! मामला संगीन नहीं, बहुत संगीन था, सो गधे के पीछे चुपचाप खड़ा हो गया आँखें बंद किए कान खोले। गधा अपनी दोनों आँखें बंद किए पूरे भक्तिभाव से भगवान की मूरत के आगे अपनी अगली दोनों टाँगों के हाथ बनाए जोड़े पिछली टाँगों पर भक्तासन में पूरी ईमानदारी से खड़ा था किसी समर्पित भक्त की मुद्रा में। 

वह अपनी आगे की दोनों टाँगें जोड़ भगवान की मूरत के आगे बुदबुदा रहा था, “हे प्रभु! गधा बनकर इस समाज में आज तक बहुत जिया। गधा समझ इस समाज ने मेरा क़दम-क़दम पर बहुत यूज़ किया। आज मुझे और कुछ दे या न दे, पर आदमी की तरह झूठ बोलने की शक्ति दे ताकि मैं गधे से आदमी हो सिर उठा कर गर्व से जिऊँ। 

“हे प्रभु! गधा बनकर आज तक इस समाज में बहुत जिया। गधा समझ इस समाज ने मेरा बहुत यूज़ किया। आज मुझे और कुछ दे या न दे, पर आदमी की तरह धोखा देने की शक्ति दे ताकि मैं गधे से आदमी हो सिर उठा कर गर्व से जिऊँ। 

“हे प्रभु! गधा बनकर इस समाज में बहुत जिया। गधा समझ इस समाज ने मेरा आज तक बहुत यूज़ किया। आज मुझे और कुछ दे या न दे, पर आदमी की तरह अपनों की पीठ में हँसते हुए छुरा घोपने की ताक़त दे ताकि मैं गधे से आदमी हो सिर उठा कर गर्व से जिऊँ। 

“हे प्रभु! गधा बनकर इस समाज में बहुत जिया। गधा समझ इस समाज ने मेरा आज तक बहुत यूज़ किया। आज मुझे और कुछ दे या न दे, पर आदमी की तरह ईमानदारी से बदतमीज़ी करने की शक्ति दे ताकि मैं गधे से आदमी हो सिर उठा कर गर्व से जिऊँ। 

“हे प्रभु! गधा बनकर इस संसार में बहुत जिया। गधा समझ मेरा इस समाज ने क़दम-क़दम पर आज तक बहुत यूज़ किया। मुझे और कुछ दे या न दे, पर आदमी की तरह अहंकार दे ताकि मैं गधे से आदमी हो सिर उठा कर गर्व से जिऊँ। 

“हे प्रभु! गधा बनकर इस संसार में बहुत जिया। गधा समझ मेरा इस समाज ने क़दम-क़दम पर आज तक बहुत यूज़ किया। मुझे और कुछ दे या न दे, पर आदमी की तरह सब कुछ होने के बाद भी आठ पहर चौबीस घंटे असंतोष दे ताकि मैं गधे से आदमी हो सिर उठा कर गर्व से जिऊँ। 

“हे प्रभु! गधा बनकर इस संसार में बहुत जिया। गधा समझ मेरा इस समाज ने क़दम-क़दम पर आज तक बहुत यूज़ किया। मुझे और कुछ दे या न दे, पर आदमी की तरह कूट-कूट कर ईर्ष्या दे ताकि मैं गधे से आदमी हो सिर उठा कर गर्व से जिऊँ। 

“हे प्रभु! गधा बनकर इस संसार में बहुत जी जिया। गधा समझ मेरा इस समाज ने आज तक क़दम-क़दम पर बहुत यूज़ किया। मुझे और कुछ दे या न दे, पर आदमी की तरह क्रोध करने की असीम शक्ति दे ताकि मैं गधे से आदमी हो सिर उठा कर गर्व से जिऊँ। 

“हे प्रभु! गधा बनकर इस संसार में बहुत जिया। गधा समझ मेरा इस समाज ने क़दम-क़दम पर आज तक बहुत यूज़ किया। मुझे और कुछ दे या न दे, पर आदमी की तरह लोभ वहन करने की शक्ति दे ताकि मैं गधे से आदमी हो सिर उठा कर गर्व से जिऊँ। 

“हे प्रभु! गधा बनकर इस संसार में बहुत जिया। गधा समझ मेरा इस समाज ने क़दम-क़दम पर आज तक बहुत यूज़ किया। मुझे और कुछ दे या न दे, पर आदमी की तरह सच पर भी शक करने की शक्ति दे ताकि मैं गधे से आदमी हो सिर उठा कर गर्व से जिऊँ। 

“हे प्रभु! गधा बनकर इस संसार में बहुत जिया। गधा समझ मेरा इस समाज ने क़दम-क़दम पर आज तक बहुत यूज़ किया। मुझे और कुछ दे या न दे, पर आदमी की तरह दोनों हाथों से भर भरकर द्वेष दे ताकि मैं गधे से आदमी हो सिर उठा कर गर्व से जिऊँ। 

हे प्रभु! गधा बनकर इस संसार में बहुत जिया। गधा समझ मेरा इस समाज ने क़दम-क़दम पर आज तक बहुत यूज़ किया। मुझे और कुछ दे या न दे, पर आदमी की तरह पर निंदा करने की शक्ति दे ताकि मैं गधे से आदमी हो सिर उठा कर गर्व से जिऊँ। 

“हे प्रभु! गधा बनकर इस संसार में बहुत जिया। गधा समझ मेरा इस समाज ने क़दम-क़दम पर आज तक बहुत यूज़ किया। मुझे और कुछ दे या न दे पर आदमी की तरह लालच करने की शक्ति दे ताकि मैं गधे से आदमी हो सिर उठा कर गर्व से जिऊँ। 

“हे प्रभु! गधा बनकर इस संसार में बहुत जिया। गधा समझ मेरा इस समाज ने क़दम-क़दम पर आज तक बहुत यूज़ किया। मुझे और कुछ दे या न दे, पर आदमी की तरह पूरे आत्मविश्वास से विश्वासघात करने की शक्ति दे ताकि मैं गधे से आदमी हो सिर उठा कर गर्व से जिऊँ। 

“हे प्रभु! गधा बनकर इस संसार में बहुत जिया। गधा समझ मेरा इस समाज ने क़दम-क़दम पर बहुत यूज़ किया। मुझे और कुछ दे या न दे, पर आदमी की तरह भर भर कर नेगेटिविटी दे ताकि मैं गधे से आदमी हो सिर उठा कर गर्व से जिऊँ। 

“हे प्रभु! हे प्रभु . . .” गधा था कि भगवान के सामने जनता की तरह डिमांडें रखने से रुक ही नहीं रहा था। गधा कहीं का! इससे पहले कि उसकी डिमांडों को सुन मैं आदमी से गधा हो जाता, मैंने साहब के श्री चरणों के लिए ताज़े फूल बिन मोल भाव किए लिए और ऑफ़िस में साहब की पूजा करने निकल पड़ा। 

अन्य संबंधित लेख/रचनाएं

टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें

लेखक की अन्य कृतियाँ

हास्य-व्यंग्य आलेख-कहानी

कविता

पुस्तक समीक्षा

कहानी

विडियो

उपलब्ध नहीं

ऑडियो

उपलब्ध नहीं

लेखक की पुस्तकें

  1. मेवामय यह देश हमारा