प्रिय मित्रो,
इन दिनों एक प्रश्न से जूझ रहा हूँ यद्यपि मैं उत्तर जानता हूँ, परन्तु अपने साथ बहस कर रहा हूँ। हुआ यह कि पिछले सप्ताह मैंने अपनी पत्नी को दिलासा देते हुए कुछ ऐसा कह दिया जो उसे सही लगा, और मैं अपनी समझदारी और ज्ञान पर अपनी पीठ थपथपाने लगा और दिन भर प्रसन्नचित्त रहा। परसों मेरी प्रसन्नता को चार चाँद तब लग गए जब मैंने सुना कि नीरा अपनी छोटी बहन को गर्व से मेरी कही बात को सुना रही थी और उधर से छोटी बहन कह रही थी “जीजा जी बहुत ऊँचा सोचते हैं”। आप अनुमान लगा सकते हैं कि मेरी प्रसन्नता और गर्व किन सीमाओं को छू रहा होगा। एक सप्ताह ऐसे ही बीता। चलिए अब आपको बता ही देता हूँ कि मैंने ऐसा क्या कहा कि मैं प्रशंसा का पात्र बना।
जैसा कि मैं कई बार अपने सम्पादकियों में घर में सब्ज़ियाँ आदि उगाने की रुचि के बारे में लिख चुका हूँ। इस घर में आते ही (लगभग छह वर्ष पूर्व) मुझ पर खेती-बाड़ी करने के लिए प्रतिबन्धित कर दिया गया। होता यह था कि लालच या अतिउत्साहित होकर मैं आवश्यकता से अधिक पौधे लगा लेता था और बाद में सब्जियों की फ़सल को सँभालना कठिन हो जाता था। मित्र, पड़ोसी आदि भी मेरी सब्ज़ियों को स्वीकार करने से आनाकानी करने लगे थे। मैं सब्ज़ियाँ उतार कर किचन के काउंटर पर रख देता और सँभालती नीरा। एक दिन मैंने चालीस पाउंड (लगभग 19 किलो) टमाटर उतार कर काउंटर पर धर दिए। नीरा ने दुःखी होकर मुझे कह दिया कि वह तो इन्हें नहीं सँभालेगी और वह काम पर चली गई। उस रात मैं रात के ग्यारह बजे तक टमाटर छील कर उनकी सॉस बनाकर, शीशे की बोतलों में भर कर फ़्रीज़र में डालता रहा। बाद में रसोई साफ़ करते-करते रात के बारह बज गए। उस दिन मुझे अनुभव हुआ की वास्तव में ही मैं नीरा का शोषण कर रहा था क्योंकि उस वर्ष अस्सी पाउंड से अधिक टमाटर लगे थे।
जब पुराना घर बेच कर छोटे घर में जाने की बात आरम्भ हुई तो नीरा ने चेतावनी दे डाली की नए घर में क्यारियों में केवल फूल लगेंगे। हम दो जन घर में रहते हैं, कितनी सब्ज़ियाँ चाहिए होती हैं जो इतना परिश्रम करते हो आप। मैं उससे सहमत हो गया, होना ही पड़ना था, सो हो गया। तीन वर्ष तो चैन से निकल गए। फिर आश्चर्य दो बरस पहले तब हुआ जब नीरा कुछ हरी मिर्चों को पौधे ख़रीद लाई। अब चेतावनी देने की बारी मेरी थी कि तुम लाई हो तुम्हीं सँभालो। अंततः सँभलना तो मुझे ही था, हुआ भी ऐसे ही पर मैं इस बात से आश्वस्त अवश्य हो गया कि खेती-बाड़ी का शौक़ अकेले मुझे ही नहीं है। वैसे मैंने अपने लिए एक सुरक्षा कवच बना रखा है। पौधे ख़रीदने नर्सरी मैं नहीं जाता। नीरा ख़रीदती है और मैं लगाता हूँ इसलिए अधिक उत्पादन के दोष/दायित्व से बच जाता हूँ। पिछले वर्ष नीरा ने छह प्रकार की हरी मिर्च के छह-छह पौधे ख़रीद लिए। मिर्चें हुईं तो उन्हें पीस कर फ़्रीज़ नीरा को ही करना पड़ा।
इन गर्मियों में नीरा ने योजनाबद्ध रूप से पौधे ख़रीदे। दो पौधे वह सीसिलियन बैंगन (यह बैंगन हल्के बैंगनी रंग के सफ़ेद आभा लिए हुए होते हैं) ख़रीदे। पहला बैंगन दिन प्रतिदिन बड़ा होने लगा। हर सुबह मैं और नीरा हाथों में चाय कप लेकर बैंगन के आसपास घूमते और सोचते कि एक सप्ताह के बाद ही तोड़ेंगे, तब तक यह सही आकार का हो जाएगा। हम लोग नहीं जानते थे कि कोई जंगली खरगोश भी हर रात यही सोचता हुआ बैंगन के आसपास घूम रहा है। परन्तु उसके लिए बैंगन का सही आकार हो गया था या वह हमारी तरह लालची नहीं था। एक सुबह उठे तो मुझे दूर से ही बैंगन पर अधिक सफ़ेदी दिखी। पास गए तो देखा कि आधा बैंगन खाया जा चुका है। नीरा को ग़ुस्सा आना ही था। वह खरगोश को भला-बुरा कहने लगी तो मैंने दार्शनिक होते हुए कहा, “उसका क्या दोष। यह ज़मीन हमसे पहले उसी की थी। अतिक्रमण तो हम लोगों ने किया है। उसके लिए हमने पौधा लगाया था सो खा गया।” नीरा हँस पड़ी और बात आई-गई हो गयी।
यहीं पर कहानी की दिशा पलटती है।
दो दिन पहले मैं पिछले लॉन में टहल रहा था और पेड़ों को देख कर उनकी विशालता और हरियाली की प्रशंसा कर रहा था। सोच रहा था कि पेड़ तो हर घर में होने ही चाहिएँ। अगर संभव हो तो एक लॉन में कम से कम एक पेड़ तो हो ही। तभी मेरे पैर को ठोकर लगी। नीचे देखा तो पिछले आँगन की इंटर-लॉकिंग की टाइल समतल नहीं थी और ऊपर उठ आई थी। फिर ग़ौर से देखा तो पैटियो (आँगन) की टाइल्ज़ बहुत उबड़-खाबड़ हो चुकी थीं। पहले कभी ध्यान गया ही नहीं था। दोषी वही मेपल का पेड़ था जिसकी भव्यता देख-देख मैं निहाल हो रहा था। मैं मन ही मन बुदबुदाया, ‘इस पेड़ को तो कटवाना ही पड़ेगा।’
पिछली सर्दियों की घटना याद आ गई। एक तूफ़ान में छत पर परछत्ती में लगे ‘वेंट’ (हवा की आवाजाही के लिए बना झरोखा) का कवर टूट कर उड़ गया था। उसी रात एक रकून (एक बिल्ली से थोड़े बड़े आकार का जानवर) ने इसी पेड़ से छत पर छलाँग लगा कर वेंट को प्रवेश-द्वार बनाकर परछत्ती में रहने का प्रबन्ध आरम्भ कर दिया था। उसे निकालने और वेंट पर जाली लगवाने में पाँच सौ डॉलर लगे थे। भरी सर्दी में मुझे पेड़ की एक शाखा काटनी पड़ी थी। तब भी भावुक होकर मैंने अपने सम्पादकीय में लिखा था। इस बार पेड़ का घर पर आक्रमण शाखाओं की ओर से नहीं जड़ों की ओर से था। सतही जड़ें पैटियो के नीचे विकसित हो रही थीं।
इतने में नीरा दो कप चाय लेकर बाहर आई। मैंने उसे समस्या दिखाई और कहा, “इस पेड़ को तो कटना ही पड़ेगा।”
नीरा मुस्कुराई, “यह भूमि तो इन पेड़ों की थी। अतिक्रमण तो हम लोगों ने किया है। इस पेड़ का क्या दोष।”
तब से मन में मंथन चल रहा है। पचास वर्ष से पुराने पेड़ की नियति तय करने वाला मैं कौन होता हूँ? अगर कठोर कदम न उठाया तो एक-दो वर्ष में मेरा आँगन पोते-पोती के खेलने के लायक़ नहीं बचेगा। कटना तो पेड़ को ही पड़ेगा। पर फिर भी मैं अभी से पेड़ के कटने का शोक तो मना ही सकता हूँ, मृत्यु दण्ड देने वाला भी मैं ही हूँ, दण्ड देने के संताप को भोगने वाला भी मैं ही हूँ।
— सुमन कुमार घई
टिप्पणियाँ
Sarojini Pandey 2022/08/01 12:31 PM
आदरणीय संपादक महोदय एकदम अपने घर की समस्या जैसा लगता हुआ आपका संपादकीय अति रोचक लगा। आपकी समस्या के बारे में मैं कुछ सुझाव देना चाहती हूं कि पेड़ को काटने की जल्दी मत करिएगा क्योंकि आप के पोते पोती निरंतर बड़े हो जाएंगे और शायद बैकयार्ड में खेलने के बदले दूर पार्क या जिम में जाकर खेलना अधिक पसंद करें ।दूसरे जब तक वह बच्चे छोटे हैं तब तक टाइले वहां से अगर हटा दी जाए तो आपके बच्चों को धरती की माटी में खेलने का भी सुख मिलेगा ।एक उपाय यह भी हो सकता है कि उभरी हुई जड़ों को केवल काट कर निकाल दिया जाए । वृक्ष का काटना अंतिम विकल्प होना चाहिए और मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप लोगों का भी यही मत होगाः। मेरी शुभकामनाएं आपके साथ हैंः
महेश रौतेला 2022/08/01 06:44 AM
बहुत सुन्दर अनुभव। खरगोश के संदर्भ में मुझे एक बात याद आ रही है। अभी जुलाई २५ को में अल्मोड़ा, जागेश्वर जा रहा था। हल्द्वानी से अल्मोड़ा जाते समय गरमपानी, खैरना से आगे जाते समय मैंने ड्राइवर से कहा," पाँच साल पहले भी यह सड़क ऐसी ही थी।" उसने कहा बीच में ठीक थी,फिर खराब हो गयी है। नदी ने अपना बहाव बदला है और पहाड़ से मिट्टी, पत्थर बह कर रास्ते में आ गये थे। पहाड़ से पत्थर गिरते हैं। बीच-बीच में दुर्घटनाएं भी हो जाती हैं,वाहन चपेट में आ जाते हैं। सड़क पर कट-कट की आवाज हो रही थी,निर्माण कार्य के कारण। तो ड्राइवर बोला," हमारे गाँव की सड़क पर निर्माण कार्य के समय, ऐसी कट-कट की आवाज सुनकर बाघ ने अपनी गुफा छोड़ दी।" मैंने उससे कहा," मनुष्य जहाँ पहुँचेगा वहाँ ऐसा ही होता है।"
कृपया टिप्पणी दें
सम्पादकीय (पुराने अंक)
2025
- कृत्रिम मेधा (एआई) वरदान या अभिशाप
- निर्पक्ष और निरपेक्ष को समझने की जिज्ञासा
- हम कैसे पिता हैं? मूल प्रश्न यही है . . .
- उचित समय है कर्म फलीभूत होने का
- गधी लौट कर फिर बड़ के पेड़ के नीचे
- ट्रंप की देन: राष्ट्रवादी उपभोक्तावाद
- भारतीय संस्कृति तो अब केवल दक्षिण भारतीय सिनेमा में…
- खेद है!
- यू.एस.ए. और इसका चरित्र
- समय की गति और सापेक्षता का सिद्धांत
- धोबी का कुत्ता न घर का न घाट का
- और अंतिम संकल्प . . .
- मनन का एक विषय
2024
- अपने ही बनाए नियम का उल्लंघन
- सबके अपने-अपने ‘सोप बॉक्स’
- आप तो पाठक के मुँह से केवल एक सच्ची आह या वाह सुनने…
- आंचलिक सिनेमा में जीवित लोक साहित्य, संस्कृति और भाषा
- अंग्रेज़ी में अनूदित हिन्दी साहित्य का महत्त्व
- कृपया मुझे कुछ ज्ञान दें!
- मैंने कंग फ़ू पांडा फ़िल्म सिरीज़ देखी
- मित्रो, अपना तो हर दिवस—हिन्दी दिवस होता है!
- गोल-गप्पे, पापड़ी-भल्ला चाट और यू.एस.ए. का चुनाव
- जिहदी कोठी दाणे, ओहदे कमले बी सयाणे
- बुद्धिजीवियों का असमंजस और पूर्वाग्रह
- आरोपित विदेशी अवधारणाओं का खण्डन करना होगा
- भाषा में बोली का हस्तक्षेप
- पुस्तक चर्चा, नस्लीय भेदभाव और विचार शृंखला
- हींग लगे न फिटकिरी . . .
- दृष्टिकोणों में मैत्रीपूर्ण व्यवस्था की अपेक्षा
- आधुनिक समाज और तकनीकी को समझना ही हिन्दी साहित्य के…
- स्मृतियाँ तो स्मृतियाँ हैं—नॉस्टेलजिया क्या, वास्तविकता…
- दंतुल मुस्कान और नाचती आँखें
- इधर-उधर की
- सनातन संस्कृति की जागृति एवम् हिन्दी भाषा और साहित्य…
- त्योहारों को मनाने में समझौते होते हैं क्या?
- आओ जीवन गीत लिखें
- श्रीराम इस भू-भाग की आत्मा हैं
2023
- टीवी सीरियलों में गाली-गलौज सामान्य क्यों?
- समीप का इतिहास भी भुला दिया जाए तो दोषी कौन?
- क्या युद्ध मात्र दर्शन और आध्यात्मिक विचारों का है?
- क्या आदर्शवाद मूर्खता का पर्याय है?
- दर्पण में मेरा अपना चेहरा
- मुर्गी पहले कि अंडा
- विदेशों में हिन्दी साहित्य सृजन की आशा की एक संभावित…
- जीवन जीने के मूल्य, सिद्धांत नहीं बदलने चाहिएँ
- संभावना में ही भविष्य निहित है
- ध्वजारोहण की प्रथा चलती रही
- प्रवासी लेखक और असमंजस के बादल
- वास्तविक सावन के गीत जो अनुमानित नहीं होंगे!
- कृत्रिम मेधा आपको लेखक नहीं बना सकती
- मानव अपनी संस्कृति की श्रेष्ठता के दंभ में जीता है
- मैं, मेरी पत्नी और पंजाबी सिनेमा
- पेड़ की मृत्यु का तर्पण
- कुछ यहाँ की, कुछ वहाँ की
- कवि सम्मेलनों की यह तथाकथित ‘साहित्यिक’ मजमेबाज़ी
- गोधूलि की महक को अँग्रेज़ी में कैसे लिखूँ?
- मेरे पाँच पड़ोसी
- हिन्दी भाषा की भ्रान्तियाँ
- गुनगुनी धूप और भावों की उष्णता
- आने वाले वर्ष में हमारी छाया हमारे पीछे रहे, सामने…
- अरुण बर्मन नहीं रहे
2022
- अजनबी से ‘हैव ए मैरी क्रिसमस’ कह देने में बुरा ही…
- आने वाले वर्ष से बहुत आशाएँ हैं!
- हमारी शब्दावली इतनी संकीर्ण नहीं है कि हमें अशिष्ट…
- देशभक्ति साहित्य और पत्रकारिता
- भारत में प्रकाशन अभी पाषाण युग में
- बहस: एक स्वस्थ मानसिकता, विचार-शीलता और लेखकीय धर्म
- हिन्दी साहित्य का अँग्रेज़ी में अनुवाद का महत्त्व
- आपके सपनों की भाषा ही जीवित रहती है
- पेड़ कटने का संताप
- सम्मानित भारत में ही हम सबका सम्मान
- अगर विषय मिल जाता तो न जाने . . .!
- बात शायद दृष्टिकोण की है
- साहित्य और भाषा सुरिक्षित हाथों में है!
- राजनीति और साहित्य
- कितने समान हैं हम!
- ऐतिहासिक गद्य लेखन और कल्पना के घोडे़
- भारत में एक ईमानदार फ़िल्म क्या बनी . . .!
- कितना मासूम होता है बचपन, कितनी ख़ुशी बाँटता है बचपन
- बसंत अब लौट भी आओ
- अजीब था आज का दिन!
- कैनेडा में सर्दी की एक सुबह
- इंटरनेट पर हिन्दी और आधुनिक प्रवासी साहित्य सहयात्री
- नव वर्ष के लिए कुछ संकल्प
- क्या सभी व्यक्ति लेखक नहीं हैं?
2021
- आवश्यकता है आपकी त्रुटिपूर्ण रचनाओं की
- नींव नहीं बदली जाती
- सांस्कृतिक आलेखों का हिन्दी साहित्य में महत्व
- क्या इसकी आवश्यकता है?
- धैर्य की कसौटी
- दशहरे और दीवाली की यादें
- हिन्दी दिवस पर मेरी चिंताएँ
- विमर्शों की उलझी राहें
- रचना प्रकाशन के लिए वेबसाइट या सोशल मीडिया के मंच?
- सामान्य के बदलते स्वरूप
- लेखक की स्वतन्त्रता
- साहित्य कुञ्ज और कैनेडा के साहित्य जगत में एक ख़ालीपन
- मानवीय मूल्यों का निकष आपदा ही होती है
- शब्दों और भाव-सम्प्रेषण की सीमा
- साहित्य कुञ्ज की कुछ योजनाएँ
- कोरोना काल में बन्द दरवाज़ों के पीछे जन्मता साहित्य
- समीक्षक और सम्पादक
- आवश्यकता है नई सोच की, आत्मविश्वास की और संगठित होने…
- अगर जीवन संघर्ष है तो उसका अंत सदा त्रासदी में ही…
- राजनीति और साहित्य का दायित्व
- फिर वही प्रश्न – हिन्दी साहित्य की पुस्तकें क्यों…
- स्मृतियों की बाढ़ – महाकवि प्रो. हरिशंकर आदेश जी
- सम्पादक, लेखक और ’जीनियस’ फ़िल्म
2020
- यह वर्ष कभी भी विस्मृत नहीं हो सकता
- क्षितिज का बिन्दु नहीं प्रातःकाल का सूर्य
- शोषित कौन और शोषक कौन?
- पाठक की रुचि ही महत्वपूर्ण
- साहित्य कुञ्ज का व्हाट्सएप समूह आरम्भ
- साहित्य का यक्ष प्रश्न – आदर्श का आदर्श क्या है?
- साहित्य का राजनैतिक दायित्व
- केवल अच्छा विचार और अच्छी अभिव्यक्ति पर्याप्त नहीं
- यह माध्यम असीमित भी और शाश्वत भी!
- हिन्दी साहित्य को भविष्य में ले जाने वाले सक्षम कंधे
- अपनी बात, अपनी भाषा और अपनी शब्दावलि - 2
- पहले मुर्गी या अण्डा?
- कोरोना का आतंक और स्टॉकहोम सिंड्रम
- अपनी बात, अपनी भाषा और अपनी शब्दावलि - 1
- लेखक : भाषा का संवाहक, कड़ी और संरक्षक
- यह बिलबिलाहट और सुनने सुनाने की भूख का सकारात्मक पक्ष
- एक विषम साहित्यिक समस्या की चर्चा
- अजीब परिस्थितियों में जी रहे हैं हम लोग
- आप सभी शिव हैं, सभी ब्रह्मा हैं
- हिन्दी साहित्य के शोषित लेखक
- लम्बेअंतराल के बाद मेरा भारत लौटना
- वर्तमान का राजनैतिक घटनाक्रम और गुरु अर्जुन देव जी…
- सकारात्मक ऊर्जा का आह्वान
- काठ की हाँड़ी केवल एक बार ही चढ़ती है
2019
- नए लेखकों का मार्गदर्शन : सम्पादक का धर्म
- मेरी जीवन यात्रा : तब से अब तक
- फ़ेसबुक : एक सशक्त माध्यम या ’छुट्टा साँड़’
- पतझड़ में वर्षा इतनी निर्मम क्यों
- हिन्दी साहित्य की दशा इतनी भी बुरी नहीं है!
- बेताल फिर पेड़ पर जा लटका
- भाषण देने वालों को भाषण देने दें
- कितना मीठा है यह अहसास
- स्वतंत्रता दिवस की बधाई!
- साहित्य कुञ्ज में ’किशोर साहित्य’ और ’अपनी बात’ आरम्भ
- कैनेडा में हिन्दी साहित्य के प्रति आशा की फूटती किरण
- भारतेत्तर साहित्य सृजन की चुनौतियाँ - दूध का जला...
- भारतेत्तर साहित्य सृजन की चुनौतियाँ - उत्तरी अमेरिका के संदर्भ में
- हिन्दी भाषा और विदेशी शब्द
- साहित्य को विमर्शों में उलझाती साहित्य सत्ता
- एक शब्द – किसी अँचल में प्यार की अभिव्यक्ति तो किसी में गाली
- विश्वग्राम और प्रवासी हिन्दी साहित्य
- साहित्य कुञ्ज एक बार फिर से पाक्षिक
- साहित्य कुञ्ज का आधुनिकीकरण
- हिन्दी वर्तनी मानकीकरण और हिन्दी व्याकरण
- चिंता का विषय - सम्मान और उपाधियाँ
2018
2017
2016
- सपना पूरा हुआ, पुस्तक बाज़ार.कॉम तैयार है
- हिन्दी साहित्य, बाज़ारवाद और पुस्तक बाज़ार.कॉम
- पुस्तकबाज़ार.कॉम आपके लिए
- साहित्य प्रकाशन/प्रसारण के विभिन्न माध्यम
- लघुकथा की त्रासदी
- हिन्दी साहित्य सार्वभौमिक?
- मेरी प्राथमिकतायें
- हिन्दी व्याकरण और विराम चिह्न
- हिन्दी लेखन का स्तर सुधारने का दायित्व
- अंक प्रकाशन में विलम्ब क्यों होता है?
- भाषा में शिष्टता
- साहित्य का व्यवसाय
- उलझे से विचार
राजनन्दन सिंह 2022/08/01 06:00 PM
रोचक संपादकीय। ऐसा अनुमान है कि कनाडा, विशेषकर कनाडा में भारतीय आज भी प्रकृत्ति के बहुत नजदीक है। माननीय संपादक जी को भी पेंड़ पौधों से कितना लगाव है। मै तुलना कर रहा हूँ अपने देश भारत के समर्थ शहरियों से। उनकी बागवानी में सब्जी अथवा गेंदा, गुलाब, चमेली, क्राॅटन जैसे मन मोहने वाले पौंधे नहीं होते। मगर काँटेदार कैक्टस की दस-बीस प्रजातियाँ अवश्य होती है। पता नहीं वे काँटों के सौन्दर्य को इतनी प्राथमिकता क्यों देते हैं।